पटना स्नातक सीट पर JDU में घमासान, अनंत सिंह के आरोपों पर नीरज कुमार का पलटवार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर सियासी खींचतान तेज हो गई है। मोकामा विधायक अनंत सिंह द्वारा JDU एमएलसी नीरज कुमार के विरोध में डॉ. अनुज कुमार को समर्थन देने के ऐलान के बाद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार बढ़ रही है।
अनंत सिंह के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने कई मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य धन अर्जित करना नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि “मैं राजनीति में धन अर्जन करने के लिए नहीं आया हूं। मैं गरीब जरूर हूं, लेकिन धनबल और बाहुबल से कभी नहीं डरता।”
AK-47 आरोप पर क्या बोले नीरज कुमार?
नीरज कुमार ने उस आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उनके घर में AK-47 रखवाकर जेल भेजने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि अपराध से उनका कोई संबंध नहीं रहा है और अपने चरित्र पर लगाए गए आरोपों को वह स्वीकार नहीं करेंगे। नीरज कुमार ने संकेत दिया कि वह पहले अनंत सिंह का पूरा बयान सुनेंगे। इसके बाद कानूनी विशेषज्ञों से राय लेकर आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
नारकोटिक्स जांच की मांग पर जवाब
अनंत सिंह की ओर से नारकोटिक्स जांच की मांग पर नीरज कुमार ने कहा कि ऐसी जांच कानून के तहत होती है। किसी के बयान देने भर से जांच नहीं कराई जा सकती। शराब से जुड़े आरोपों को भी उन्होंने खारिज किया और कहा कि वह न शराब पीते हैं और न ही इस तरह की गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसी बातें करने वालों की स्थिति ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ जैसी है।
बता दें कि पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर JDU में जारी यह विवाद अब खुलकर सामने आ चुका है। डॉ. अनुज कुमार के समर्थन में अनंत सिंह के उतरने और नीरज कुमार के पलटवार से आने वाले दिनों में इस सीट की सियासत और गर्म होने के संकेत मिल रहे हैं।

Share This Article