NEWS PR डेस्क: गया: गया अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC), गया के दो पूर्व छात्रों ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पूर्व छात्र विकास कुमार का चयन 70वीं BPSC परीक्षा में ग्रामीण विकास पदाधिकारी (Rural Development Officer) के पद पर हुआ है, जबकि इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पूर्व छात्रा प्रीति कुमारी सहायक पर्यावरण पदाधिकारी (Assistant Environmental Officer) के पद के लिए चयनित हुई हैं।

विकास कुमार, गया अभियंत्रण महाविद्यालय के B.Tech (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) बैच 2017–2021 के छात्र रहे हैं। वर्तमान में वे श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (Labour Enforcement Officer) के पद पर कार्यरत हैं। अब 70वीं BPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है।
वहीं, महाविद्यालय की पूर्व छात्रा प्रीति कुमारी, जिन्होंने B.Tech (इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग) बैच 2016–2020 से पढ़ाई की थी, का चयन सहायक पर्यावरण पदाधिकारी के पद पर हुआ है। उनकी सफलता से महाविद्यालय के साथ-साथ उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है।
दोनों सफल पूर्व छात्रों को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्वारका दास नीमा ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गया अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक और सरकारी सेवाओं में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उज्ज्वल भविष्य की कामना …
प्राचार्य ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और बेहतर करियर निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन दोनों पूर्व छात्रों की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। गया अभियंत्रण महाविद्यालय परिवार ने विकास कुमार और प्रीति कुमारी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
