भागलपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित सीएनजी ऑटो की टक्कर से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान टीएनबी कॉलेजिएट के समीप रहने वाले राजीव पासवान के पुत्र अस्मित कुमार के रूप में हुई है।घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सामान खरीदने निकला था बच्चा
जानकारी के अनुसार, अस्मित कुमार किसी काम से घर से बाहर निकला था और सामान खरीदने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बच्चा मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चालक की पिटाई, पुलिस ने लिया हिरासत में
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए ऑटो को जब्त कर लिया है।

परिजनों का गुस्सा फूटा, सड़क जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नया बाजार चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और न्याय की मांग की। लोगों का कहना था कि जब तक प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक जाम समाप्त नहीं किया जाएगा।सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर की बातचीत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ जारी है। यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
