NEWS PR डेस्क : मोतिहारी में शादी की खुशियां उस समय अफरातफरी में बदल गईं, जब विवाह मंडप में गहनों को लेकर अचानक विवाद भड़क गया। मामला सुगौली थाना क्षेत्र के बेलवतिया रेलवे ढाला के समीप का है, जहां नेपाल से आई एक बारात को वधू पक्ष द्वारा बंधक बनाए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के परसा जिला अंतर्गत परसोत्तिपुर गांव निवासी गजेंद्र सहनी अपने भांजे की बारात लेकर लक्ष्मीनारायण सहनी के घर पहुंचे थे। रात करीब 10 बजे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में शुरू हुईं, लेकिन इसी दौरान दूल्हा पक्ष द्वारा दिए गए जेवरातों को लेकर वधू पक्ष को संदेह हो गया।
दूल्हा, उसके पिता और कई बारातियों को एक कमरे में बंधक बना लिया
वधू पक्ष का आरोप था कि जेवर नकली हैं। जांच के बाद जब उन्हें नकली बताया गया, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद वधू पक्ष ने शादी की प्रक्रिया रोकते हुए दूल्हा, उसके पिता और कई बारातियों को एक कमरे में बंधक बना लिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया
वर पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई। वहीं वधू पक्ष का कहना है कि जब तक तिलक में दी गई राशि और शादी में हुए खर्च की भरपाई नहीं की जाती, तब तक किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। इसी बीच, बारात में शामिल गजेंद्र सहनी किसी तरह मौके से निकलकर सुगौली थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले को सुलझाने का प्रयास
पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर बातचीत शुरू कराई और मामले को सुलझाने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। देर रात तक गांव में पंचायत और समझौते की प्रक्रिया चलती रही। समाचार लिखे जाने तक शादी पूरी तरह टूट चुकी थी, जबकि पुलिस की मौजूदगी में लेन-देन और विवाद के निपटारे को लेकर बातचीत जारी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, जेवर असली थे या नकली, इस पर अभी भी स्पष्टता नहीं है, लेकिन इस घटना ने शादी की खुशियों को पूरी तरह विवाद में बदल दिया।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
