औरंगाबाद के स्कूल में विजिलेंस रेड, 10 हजार की रिश्वत लेते शिक्षक गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क | औरंगाबाद: सरकारी स्कूल में छात्रों से जुड़े काम के बदले रिश्वत लेने के आरोप में बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने औरंगाबाद में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बारूण स्थित राजकीय केशव उच्च विद्यालय में की गई, जहां शिक्षक सह स्टूडेंट को-ऑर्डिनेटर शशिभूषण कुमार को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया।

शिकायत के बाद निगरानी ने की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि शिक्षक के खिलाफ विद्यार्थियों से जुड़े काम के लिए पैसे मांगने की शिकायतें पहले से सामने आती रही थीं। आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर छात्रों के काम को टाल दिया जाता था। हालांकि, अधिकतर छात्र कार्रवाई के डर या परेशानी के कारण शिकायत नहीं करते थे। इसी बीच एक छात्र के परिजन ने कथित रिश्वतखोरी को लेकर बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
10 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तारी
निगरानी टीम बारूण के राजकीय केशव उच्च विद्यालय पहुंची और शिक्षक शशिभूषण कुमार को 10 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम आरोपी शिक्षक को अपने साथ पटना ले गई।
शुक्रवार को विशेष अदालत में पेशी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी शिक्षक को पटना लाया गया है। उसे शुक्रवार को निगरानी की विशेष अदालत में पेश किए जाने की बात कही गई है। अदालत की प्रक्रिया के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्कूल में रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।औरंगाबाद से रूपेश पत्रकार की रिपोर्ट

Share This Article