NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 21 मार्च: विक्रमशिला सेतु को लेकर सोशल मीडिया और कुछ टीवी चैनलों पर चल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सेतु के नीचे एक फॉल्स दीवार के नदी में गिरने की घटना के बाद प्रशासन और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पुल पूरी तरह सुरक्षित पाया गया।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के साथ स्थल का निरीक्षण किया। जांच के बाद उन्होंने बताया कि सेतु के मुख्य ढांचे में किसी प्रकार की कोई क्षति या तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो दीवार गिरी है, वह पुल का स्थायी हिस्सा नहीं थी, बल्कि निर्माण के दौरान पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए बनाई गई एक अस्थायी संरचना (फॉल्स दीवार) थी। सामान्य प्रक्रिया के तहत निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ऐसी दीवारों को हटा दिया जाता है, लेकिन कुछ कारणों से यह दीवार पहले नहीं हटाई जा सकी थी।
प्रशासन के अनुसार, अब जर्जर हो चुकी इस दीवार को पूरी तरह हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की संभावना समाप्त हो सके।
एसडीओ ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में यह भ्रामक खबर फैलाई जा रही थी कि सेतु के पाया संख्या 19 को नुकसान पहुंचा है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।