NEWS PR डेस्क:पटना: राजधानी पटना में बुधवार शाम अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर सनसनी फैला दी। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के किदवईपुरी में वार्ड 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और जनसुराज कार्यकर्ता अनिल कुमार यादव पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में अनिल यादव को पांच गोलियां लगी हैं। उन्हें पहले उदयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
कार्यालय में घुसकर की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार शाम करीब 7:35 बजे की है। अनिल कुमार यादव किदवईपुरी स्थित अपने मां सुखिया महल अपार्टमेंट के बेसमेंट में बने कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठे थे। इसी दौरान बाइक से तीन बदमाश वहां पहुंचे। दो हमलावर हथियार लेकर बेसमेंट में घुसे और अनिल यादव पर करीब से फायरिंग शुरू कर दी, जबकि एक अपराधी बाहर बाइक के पास खड़ा रहा। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने करीब 14 राउंड फायरिंग की। घटनास्थल से 8 खोखे बरामद किए गए हैं। गोलीबारी के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुए तीन हमलावर
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्ध हमलावर दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दो आरोपियों के हाथ में पिस्टल नजर आ रही है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल है। किदवईपुरी एक घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका है। जिस अपार्टमेंट में वारदात हुई, उसके फर्स्ट फ्लोर पर गर्ल्स हॉस्टल भी संचालित होता है।
पांच गोलियां लगीं
सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि अनिल यादव को कुल पांच गोलियां लगी हैं। इनमें दो हाथ, दो पैर और एक गोली कमर में लगी है। उन्होंने बताया कि अनिल यादव जनसुराज से जुड़े रहे हैं और पटना नगर निगम के वार्ड 24 से पार्षद रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी ज्ञानवती देवी वार्ड पार्षद हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से आठ खोखे मिले हैं और करीब 14 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के CCTV फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
अस्पताल पहुंचे प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे और अनिल यादव का हाल जाना। उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। ।उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज है। इसका जवाब सम्राट चौधरी देंगे कि पहले बिहार में जंगलराज था तो अब क्या है।
वहीं, देर रात तेजस्वी यादव भी मेदांता अस्पताल पहुंचे और अनिल यादव के परिजनों से मुलाकात की। तेजस्वी यादव ने भी बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर राजधानी पटना में ही जन-प्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर कौन सुरक्षित है?
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
पटना के किदवईपुरी में वार्ड पार्षद के पति पर फायरिंग, 5 गोलियां लगीं; तेजस्वी-प्रशांत किशोर पहुंचे अस्पताल