गंडक में बढ़ सकता है जलस्तर, प्रशासन अलर्ट; तटबंधों का किया निरीक्षण, !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क ;— बगहा नेपाल में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की सूचना और गंडक नदी में संभावित जल वृद्धि को देखते हुए पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बुधवार को बगहा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न तटबंधों और घाटों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को तटबंधों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया।

गंडक नदी के किनारे बसे निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

संभावित खतरे को देखते हुए नदी किनारे बसे कुछ घरों को खाली कराया जा रहा है और लोगों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, जगह-जगह पर मजिस्ट्रेट एवं प्रशासनिक टीमों की तैनाती की गई है।

अधिकारी और कर्मचारी मौके पर रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और नदी के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जिलाधिकारी समेत तमाम अधिकारी स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं , और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;—-

Share This Article