कीर्तन के बीच मौत बनकर आई तेज रफ्तार कार, सुपौल में 3 की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास एनएच-327ई पर बजरंगबली मंदिर के समीप हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर के पास सड़क किनारे करीब छह लोग बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 50 मीटर आगे जाकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी।
हादसे में 3 लोगों की मौत
कार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों के परिजनों को सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर चीख-पुकार का माहौल रहा।
आक्रोशित लोगों ने NH-327E किया जाम
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने एनएच-327ई को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने के बाद पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर भेजे गए SDM
जिलाधिकारी सावन कुमार ने देर रात घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई।

Share This Article