पत्नी की हत्या, WhatsApp Status पर कबूलनामा… फिर बहन और खुद को मारी गोली

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क | लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। आलमबाग के श्रृंगार नगर निवासी दिव्या मिश्रा की गोमती नगर स्थित एक बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, दिव्या के पति मानस वाजपेई ने कथित तौर पर उन पर गोलियां चलाईं।


बैंक के बाहर पत्नी पर चलाई गोलियां
जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा अपनी ड्यूटी के लिए गोमती नगर स्थित बैंक के बाहर पहुंची थीं। इसी दौरान उनके पति मानस वहां पहुंचे और दिव्या पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद दिव्या सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद मानस वहां से अपने घर चला गया।
WhatsApp Status में हत्या का जिक्र
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने अपने मोबाइल पर WhatsApp Status लगाया। इसमें उसने दिव्या की हत्या की बात लिखने के साथ पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया। Status में उसने अपनी बहन और खुद को भी खत्म करने की बात कही।मानस ने दिव्या की बहन प्रज्ञा और ‘भारत’ नाम के एक व्यक्ति का भी जिक्र किया और दावा किया कि दोनों मामले के बारे में जानते हैं। पुलिस अब WhatsApp Status में किए गए दावों की भी जांच कर रही है।
पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर देखा खौफनाक मंजर
मानस का WhatsApp Status देखने के बाद पड़ोसी अंकुर को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने मानस को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।इसके बाद पड़ोसी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।मानस की बीमार बहन मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि मानस ने भी खुद को गोली मार ली थी।
कमरे में चल रहा था टीवी, बज रही थी हनुमान चालीसा
पड़ोसियों के मुताबिक, जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर टीवी चल रहा था और उस पर हनुमान चालीसा बज रही थी। कमरे में मानस और उसकी बहन सीमा के शव पड़े थे।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
एक साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
पुलिस के अनुसार, मानस और दिव्या के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे थे और उनका मामला फैमिली कोर्ट में भी लंबित था।मानस भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और उसकी बीमार बहन उसके साथ रहती थी।
पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच
पड़ोसियों के अनुसार, मानस की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और पिछले कई वर्षों से उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, पुलिस अभी इस पहलू समेत घटना के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।पुलिस दिव्या की हत्या, मानस की बीमार बहन की मौत और मानस की आत्महत्या को जोड़कर मामले की कड़ियां खंगाल रही है। घटनास्थल से मिले सबूतों और WhatsApp Status के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और क्या इसी विवाद के चलते मानस ने यह खौफनाक कदम उठाया।

Share This Article