छठ पर्व को लेकर पटना में ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव, 27 और 28 अक्टूबर को कई सड़कों पर वाहनों का परिचालन रहेगा बंद

Jyoti Sinha
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

दीपावली के बाद बिहार में अब छठ महापर्व की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने घाटों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में 27 और 28 अक्टूबर को राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव किया गया है।

पटना ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 28 अक्टूबर को रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक अशोक राजपथ और जेपी गंगा पथ पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। इन घंटों के दौरान केवल अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस, मरीज या शव वाहन और छठव्रतियों के वाहन ही चल सकेंगे।

ट्रैफिक नियमों की समयसीमा

ट्रैफिक में बदलाव दो चरणों में लागू किया जाएगा —

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
  • पहला चरण: 27 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक
  • दूसरा चरण: 28 अक्टूबर सुबह 2 बजे से 8 बजे तक
    दोनों ही चरणों में आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।

अशोक राजपथ पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद

छठ पूजा के दौरान अशोक राजपथ पर सबसे सख्त व्यवस्था रहेगी। कारगिल चौक से दीदारगंज तक किसी भी निजी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। केवल प्रशासनिक और आपातकालीन सेवाओं के वाहन ही चल सकेंगे।
छठव्रतियों के वाहनों को खजांची रोड से प्रवेश मिलेगा, जहां वे अपनी गाड़ियां पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्क कर सकेंगे। वहीं, कारगिल चौक से शाहपुर की दिशा में छठव्रतियों के वाहन सामान्य रूप से जा सकेंगे।

वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था

ट्रैफिक पुलिस ने शहर में कई जगहों पर रूट डायवर्जन, वन-वे और अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की है।

  • 27 अक्टूबर दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 28 अक्टूबर सुबह 3 बजे से 6 बजे तक, दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ तक (उत्तर से दक्षिण दिशा) यातायात बंद रहेगा।
  • इस दौरान रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए नेहरू पथ की ओर वाहन डायवर्ट किए जाएंगे।
  • गायघाट जाने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियां कंगन घाट, चौक थाना मोड़, सिटी स्कूल और मंगल तालाब परिसर में पार्क की जाएंगी।
  • पुराने बाइपास या न्यू बाइपास से आने वाले वाहन धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर और बिस्कोमान गोलंबर होकर हथिया बागान, लोहा गोदाम और मेडाज हॉस्पिटल के पास पार्क किए जाएंगे।
  • चौक शिकारपुर आरओबी से पूरब जाने वाले वाहनों की पार्किंग गुरु गोविंद सिंह आरओबी के नीचे और पटना साहिब स्टेशन के पास की गई है।

जेपी गंगा पथ पर सख्ती

जेपी गंगा पथ पर 27 और 28 अक्टूबर को दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों लेन पर यातायात और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
किसी भी वाहन द्वारा यू-टर्न लेने या प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • दीघा की ओर आने वाले वाहन एलसीटी अंडरपास से निकाले जाएंगे।
  • जेपी सेतु के पूर्वी घाट और गेट-93 घाट की ओर जाने वाले वाहनों को रेलवे ब्रिज के पूर्वी हिस्से में पार्किंग की अनुमति दी गई है।
  • कुर्जी और बांस घाट जाने वाले वाहनों को अंडरपास मार्ग से पार्किंग स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

हाजीपुर रूट पर बदलाव

जेपी गंगा सेतु पर 27 अक्टूबर दोपहर 2 बजे से शाम 7:30 बजे तक और 28 अक्टूबर सुबह 3 बजे से 6 बजे तक पटना की ओर ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा।
बस, ट्रक और हाईवा जैसे भारी वाहनों को पुल पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने अपील की है कि हाजीपुर या सोनपुर जाने वाले लोग महात्मा गांधी सेतु का उपयोग करें।

पटना ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और छठ पर्व की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए घाटों और मुख्य सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article