NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया से यहां देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, लौरिया प्रखंड की सिसवनिया पंचायत के बिशुनपुरवा गांव स्थित वार्ड संख्या-14 में देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन की टीम
आग लगने की सूचना तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया। दमकल की टीम लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों की भी इस दौरान मौके पर भीड़ जुटी रही। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोग काफी चिंतित नजर आए।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं, इस घटना में कितने रुपये का नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी किया जा रहा है
सबसे बड़ी प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। आग बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।