नवगछिया में खूनी वारदात: खेत से लौट रहे युवक पर अपराधियों ने बरसाई गोलियां, भैंस चराने के पुराने विवाद ने ली जान

Puja Srivastav
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWSPR डेस्क। भागलपुर नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 से भवानीपुर गांव जाने वाली सड़क पर अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान भवानीपुर निवासी जवाहर यादव के 21 वर्षीय पुत्र पिंटू यादव के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिंटू यादव को चार गोलियां मारी गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए.

स्थानीय लोगों की मदद से पिंटू को आनन-फानन में नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की. परिजनों ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व गांव के ही चंदेश्वरी यादव के परिवार से भैंस चराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना भी हुई थी.

उसी मामले में मृतक के पिता जवाहर यादव फिलहाल जेल में हैं. मृतक के चचेरे भाई सुमित कुमार ने बताया कि पिंटू गुरुवार की सुबह दियारा खेत में गेहूं की फसल की पटवन के लिए छड़की बनाने गया था. शाम को घर लौटने के दौरान बस से उतरकर घर की ओर जा रहा था, कुछ ही दूरी पर पूसो यादव के बासा के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी.

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

प्रत्यक्षदर्शी चिंकू कुमार ने बताया कि वह घटना के समय पिंटू के साथ था. सभी आरोपी पहले से एकजुट होकर मौजूद थे और सामने से फायरिंग की गई. उसने आरोप लगाया कि गांव के ही संजय यादव, बूटो यादव, विभाष यादव, अलख यादव सहित अन्य लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था. वह खेती-बाड़ी और पशुपालन का कार्य करता था. छोटा भाई इंटरमीडिएट का छात्र है, जबकि बहन रुपम कुमारी है. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.वहीं नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने गोलीकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना दोनों परिवारों के बीच चले आ रहे पुराने आपसी विवाद से जुड़ी है. उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि लगभग दो माह पूर्व मवेशियों द्वारा फसल चरने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना भी हुई थी.

उसी मामले में मृतक के पिता फिलहाल जेल में हैं. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा गोली मारने की बात सामने आई है. सभी आरोपी चिन्हित कर लिए गए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन यदि जांच के दौरान कोई अन्य तथ्य सामने आता है तो उसकी भी गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

भागलपुर से शयामानंद सिह की रिपोर्ट…

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article