NEWS PR डेस्क: बिहार विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, लेकिन सत्र के आगाज से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने जानकारी दी है कि तेजस्वी यादव चोटिल हो गए हैं और फिलहाल घर पर आराम कर रहे हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वे बजट सत्र के पहले दिन सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।
दरअसल, बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू होकर 27 फरवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसी बीच आरजेडी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से तेजस्वी यादव के घायल होने की जानकारी साझा की है।
आरजेडी के मुताबिक, 25 जनवरी को ठोकर लगने के कारण तेजस्वी यादव के पैर के अंगूठे का नाखून क्षतिग्रस्त होकर उखड़ गया था। पार्टी ने बताया कि वे चिकित्सकीय देखरेख में हैं और लगातार स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस संबंध में कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं।

हालांकि तेजस्वी यादव के चोटिल होने की घटना 25 जनवरी की बताई जा रही है, लेकिन इसकी जानकारी बजट सत्र से ठीक पहले सामने आई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वे सत्र के पहले दिन सदन में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले शीतकालीन सत्र के दौरान भी तेजस्वी यादव अचानक सदन छोड़कर बिहार से बाहर चले गए थे, जिसको लेकर उस समय राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी।