मनेर एनकाउंटर पर मीसा भारती का हमला, तीन मौतों के बाद CM सम्राट चौधरी को घेरा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद अब इस घटना पर सियासत भी तेज हो गई है। एनकाउंटर में तीन लोगों की मौत और मनेर थानाध्यक्ष के घायल होने के बाद पाटलिपुत्र की सांसद मीसा भारती दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं। यहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
दरअसल, मनेर के शेरपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत हो गई थी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पहले दानापुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां से आगे की प्रक्रिया के लिए पटना एम्स भेज दिया गया।
अस्पताल पहुंचीं मीसा भारती ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि उनके संसदीय क्षेत्र मनेर में गोली लगने से तीन लोगों की मौत हुई है। इसके बाद वह परिजनों से मिलने अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों में काफी आक्रोश था। इस मामले में उन्होंने पटना एसपी से भी बातचीत की, लेकिन उन्हें घटना की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
पोस्टमार्टम और जांच पर उठाए सवाल
मीसा भारती ने कहा कि पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम से कराने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि आखिर किन परिस्थितियों में गोली चलाई गई, यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर साधा निशाना
सांसद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि किसी जाति विशेष को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है। अपराधी की कोई जाति और धर्म नहीं होता। उन्होंने राज्य में लगातार हो रही घटनाओं का जिक्र करते हुए बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
मीसा भारती ने कहा कि पुलिसिंग में कहीं यह नहीं कहा गया है कि किसी की जान ले ली जाए। उन्होंने खगड़िया, समस्तीपुर और आरा की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि त्योहारों के दौरान ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। अब इस पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों का इंतजार है।

Share This Article