BPSC 71वीं मेंस रिजल्ट जारी, 1298 पदों पर होगी बहाली, 3392 उम्मीदवार पास

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 71वीं संयुक्त मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में अब खुशी की लहर है। मुख्य परीक्षा में कुल 3392 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। ये सभी अभ्यर्थी अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होंगे।

1298 पदों पर होनी है बहाली
BPSC की 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 1298 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 13 सितंबर 2025 को आयोजित हुई थी। परीक्षा में 4.71 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 3.16 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 18 नवंबर 2025 को घोषित किया गया था, जिसमें 14,261 अभ्यर्थियों को सफलता मिली थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 25 से 30 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थी।
अब इंटरव्यू से तय होगी आगे की राह
मुख्य परीक्षा में सफल 3392 अभ्यर्थियों को अब इंटरव्यू की तैयारी करनी होगी। आयोग जल्द ही साक्षात्कार का कार्यक्रम और इससे संबंधित दिशा-निर्देश जारी करेगा। इंटरव्यू पूरा होने के बाद मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेधा सूची तैयार की जाएगी।
ऐसे चेक करें BPSC 71वीं का रिजल्ट
अभ्यर्थी BPSC की आधिकारिक वेबसाइट https://bpsc.bihar.gov.in/ पर जाकर रिजल्ट की पीडीएफ देख सकते हैं। पीडीएफ डाउनलोड करने के बाद अपना रोल नंबर सर्च करके परिणाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अब 3392 सफल अभ्यर्थियों की नजर इंटरव्यू की तारीख और अंतिम चयन सूची पर टिकी है।

Share This Article