कटिहार में अंधविश्वास की खौफनाक वारदात,पुजारी की हत्या के आरोप में 65 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के कटिहार से अंधविश्वास और बदले की भावना में की गई हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छह महीने के पोते की मौत का जिम्मेदार पुजारी को मान बैठे एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि पहले पुजारी की गला घोंटकर हत्या की गई, फिर चाकू से वार कर उसकी जीभ काट दी गई और शव को पेड़ से लटका दिया गया। इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

मामला आजमनगर थाना क्षेत्र के खरसोता गांव का है। यहां 2 नवंबर को पुजारी हीरालाल मंडल का शव पेड़ से लटका मिला था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए गांव के ही 65 वर्षीय अनंतलाल मंडल को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतक की टूटी हुई रुद्राक्ष माला भी बरामद की गई है।
पोते की मौत के बाद पुजारी पर हुआ शक
पुलिस जांच के अनुसार, करीब एक साल पहले अनंतलाल मंडल के छह महीने के पोते की मौत हो गई थी। इसके बाद उसके मन में यह अंधविश्वास बैठ गया कि पुजारी हीरालाल मंडल ने जादू-टोना कर उसके पोते की जान ली है। इसी शक और बदले की भावना में उसने हत्या की योजना बनाई।

दो बेटों के साथ मिलकर रची साजिश
डीएसपी मंगलेश कुमार के अनुसार, अनंतलाल ने अपने दो बेटों रिंकू मंडल और शंभू मंडल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि वारदात के बाद कथित तांत्रिक अनुष्ठान का रूप देने के लिए पुजारी की जीभ काटी गई और शव को पेड़ से लटका दिया गया।

पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा
घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की थी। जांच और पूछताछ के दौरान अनंतलाल मंडल का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट

Share This Article