NEWS PR डेस्क: पटना सिटी के मोगलपुरा टीओपी क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो युवकों के पास से 32 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है।

पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार के अनुसार, मोगलपुरा चौकी के पास चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, जिसके बाद टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रोक लिया और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान युवकों के बैग से 500 रुपये के नोटों में कुल 32 लाख रुपये बरामद किए गए। इतनी बड़ी रकम मिलने पर पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवकों ने दावा किया कि यह रकम वर्धमान की एक कंपनी की है, जिसकी एक शाखा पटना में स्थित है। उनका कहना है कि वे कंपनी से पैसे लेकर पटना के एक बैंक में जमा करने जा रहे थे। हालांकि, उनके जवाब और व्यवहार से पुलिस संतुष्ट नहीं हुई।
संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को मामले की जानकारी दी है। आयकर विभाग ने युवकों से नकदी से संबंधित वैध दस्तावेज और प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा है। फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं।