NEWS PR डेस्क :– बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर तक तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 का आयोजन होने जा रहा है। इस बड़े आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिया कि बौद्धिस्ट देशों से आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के आवासन, भोजन, परिवहन और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही विदेशी मेहमानों को बोधगया, राजगीर और केसरिया जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।
वैशाली में होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर बिहार सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर में भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मुख्य मंच और आयोजन स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया। आगंतुक केंद्र में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बौद्धिस्ट देशों से आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवासन, भोजन, परिवहन और सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। विदेशी मेहमानों के सुगम आवागमन के लिए ई-बस चलाने और बोधगया, राजगीर तथा केसरिया सहित बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके लिए पर्यटन विभाग को विशेष समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने ऐतिहासिक अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और आसपास विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने का निर्देश दिया, ताकि पूरे परिसर को मेले जैसा स्वरूप दिया जा सके। साथ ही सम्मेलन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसके लिए विशेष इंतजाम करने को कहा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वैशाली में स्थायी हेलीपैड विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी महत्वपूर्ण पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना तैयार की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक आसानी से पहुंच सकें। सम्मेलन को देखते हुए सड़कों की मरम्मत, विशेष ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने को भी कहा गया।