NEWS PR डेस्क: पटना में वेलेंटाइन डे के मौके पर हिंदू शिवभवानी सेना ने एक बार फिर विरोध का ऐलान किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लव कुमार सिंह उर्फ “रुद्र” ने इस संबंध में पोस्टर जारी कर प्रेमी जोड़ों को कड़ी हिदायत दी है। पोस्टर में लिखा गया है— “जहां मिलेंगे बाबू–सोना, तोड़ देंगे कोना–कोना।”

लव कुमार सिंह ने कहा कि वेलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है। उन्होंने लोगों से 14 फरवरी को प्रेम दिवस मनाने के बजाय पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को सम्मान देने की अपील की है।
इसके साथ ही संगठन की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें लव कुमार सिंह ने कहा कि वेलेंटाइन डे के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता और फूहड़ता फैलाने वालों को हिंदू शिवभवानी सेना बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रेम के नाम पर “बाबू–सोना” जैसे दिखावटी शब्दों का इस्तेमाल कर यदि कोई सार्वजनिक स्थलों पर अशोभनीय हरकत करते हुए पाया गया, तो संगठन सामाजिक और नैतिक रूप से उसका विरोध करेगा और अश्लीलता फैलाने वालों पर लट्ठ और डंडे से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि यदि इसके बावजूद कोई व्यक्ति वेलेंटाइन डे की आड़ में सामाजिक और भारतीय संस्कृति के खिलाफ अभद्र गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो हिंदू शिवभवानी सेना सख्त कदम उठाएगी।
साथ ही लव कुमार सिंह ने सरकार से भी मांग की है कि ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए और अश्लीलता फैलाने वाले कार्यक्रमों पर रोक लगाते हुए कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने कदम नहीं उठाए, तो संगठन खुद इसका विरोध करेगा।