NEWS PR डेस्क : नितिन नबीन 14 फरवरी को पटना पहुंचेंगे। अगले दिन, 15 फरवरी को वे खाजपुरा स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजा-अर्चना करेंगे और आयोजित शुभ यात्रा के दौरान झांकियों का स्वागत व अभिनंदन करेंगे।
नितिन नबीन आज शनिवार, 14 फरवरी को अपने गृह राज्य बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे सुबह 10:45 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हवाई अड्डे पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीधे टेलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास के लिए रवाना हो जाएंगे।
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नितिन नबीन पटना के खाजपुरा स्थित शिव मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही वे महाशिवरात्रि की शुभ यात्रा में शामिल होकर विभिन्न झांकियों का अभिनंदन भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अगले दिन 16 फरवरी को वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इससे पूर्व नितिन नबीन 9 फरवरी को पटना पहुंचे थे और 10 फरवरी को बांकीपुर के विधायक के रूप में बिहार विधानसभा के बजट सत्र में भाग लिया था। विधानसभा परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया था। इस बार उनका दौरा महाशिवरात्रि से जुड़े धार्मिक आयोजन के साथ-साथ पार्टी कार्यक्रमों की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।