भिवाड़ी फैक्ट्री हादसा: 5 बिहारी मजदूरों की मौत पर सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक, दो-दो लाख मुआवज़े का ऐलान

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से बिहार के पांच मजदूरों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सहायता राशि शीघ्रता से प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को राजस्थान सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक बिहार लाने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बिहार के पांच श्रमिकों समेत 7 की जान चली गई। राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

Share This Article