बिहार की राजनीति में घमासान, मैथिली ठाकुर के बयान पर तेजस्वी यादव का करारा जवाब

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : बिहार की राजनीति इन दिनों तीखे बयानों और आरोप-प्रत्यारोप से गरमाई हुई है। विधानसभा से लेकर सोशल मीडिया तक नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। इस पूरे विवाद के केंद्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और गायिका से राजनीति में आईं मैथिली ठाकुर हैं।

मामला तब और तूल पकड़ जब तेजस्वी यादव ने बिना नाम लिए सोशल मीडिया पर कड़ा जवाब दिया। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि कुछ लोग विधायक बनते ही खुद को राजनीति का जानकार समझने लगते हैं और विधायी प्रक्रिया की मूल समझ के बिना ही जननायक पर टिप्पणी करने लगते हैं। तेजस्वी ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव को ‘जननायक’ बताते हुए स्पष्ट कर दिया कि उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।

यह विवाद केवल बयानबाज़ी तक सीमित नहीं है। इसके पीछे ‘पुराने बनाम नए बिहार’ की बहस भी गहराती दिख रही है। वर्ष 2005 से पहले के शासनकाल को लेकर विपक्ष अक्सर राजद पर निशाना साधता रहा है। अब उसी मुद्दे को दोबारा उठाए जाने से राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।

राजद समर्थक इसे अपने नेता का अपमान मान रहे हैं, जबकि विरोधी दल इसे सच्चाई का आईना बताकर अपनी सियासी रणनीति को धार देने में लगे हैं। आने वाले दिनों में यह जुबानी संघर्ष और तेज हो सकता है। देखना यह होगा कि यह टकराव केवल शब्दों की सीमा में रहेगा या फिर चुनावी मैदान में भी इसका प्रभाव दिखाई देगा।

Share This Article