महुआ विधानसभा के जनता के नाम PHED मंत्री संजय सिंह का भावुक संदेश !

Muskan Gupta

प्रिय महुआ विधानसभा क्षेत्र के मेरे देवतुल्य जनता-जनार्दन,

चुनाव के समय मैंने आपसे वादा किया था कि आजादी के बाद महुआ में सबसे बड़ी योजनाओं में से एक योजना लेकर आऊँगा आज वह शुभ दिन आ गया है। मुझे यह बताते हुए अपार खुशी और गर्व हो रहा है कि ₹506.71 करोड़ (पाँच सौ छह करोड़ इकहत्तर लाख) की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना को बिहार कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है।

मेरे लिए राजनीति केवल वादे करने का माध्यम नहीं, बल्कि उन वादों को धरातल पर उतारकर जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। आज महुआ के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ा है।

इस योजना के तहत महुआ एवं चेहराकलां प्रखंडों की 36 पंचायतों के 493 वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। गंगा नदी के सतही जल का उपयोग करते हुए 72 एमएलडी क्षमता की बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना बनाई जाएगी।

गंगा जी के शुद्ध जल का उपयोग महुआ की जनता अब रोजाना करेगी। अब महुआ वासियों को गंगा जल लेने गंगा नदी नहीं जाना होगा गंगा जल वो अपने घर से ही रोज़ाना भर लेंगे और गंगा नदी का शुद्ध जल को 3 लेयर में प्यूरीफाई कर के मिनरल वाटर से भी शुद्ध जल महुआ के लोगो को पीने को मिलेगा।

मेरे प्रिय साथियों, यह सिर्फ ₹506.71 करोड़ ( पाँच सौ छह करोड़ इकहत्तर लाख) की योजना नहीं, बल्कि महुआ की जनता के विश्वास, सम्मान और बेहतर भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मैंने आपसे वादा किया था, और उस वादे को पूरा करने की दिशा में आज महुआ ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। महुआ का विकास मेरी प्राथमिकता है और जनता के हितों की रक्षा मेरा संकल्प।

आपका विश्वास ही मेरी ताकत है, आपकी उम्मीदें मेरी जिम्मेदारी हैं और महुआ का सर्वांगीण विकास मेरा लक्ष्य है।

Share This Article