बिहार की लाखों महिलाओं को सरकार का एक और तोहफा; मिलेगा मुफ्त गैस कनेक्शन

Asha Rai
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: बिहार की करीब 10 लाख महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है, जो लंबे समय से मुफ्त गैस कनेक्शन का इंतजार कर रही थीं। केंद्र सरकार ने राज्य को 25 लाख नए गैस कनेक्शन जारी करने की स्वीकृति दे दी है। ये कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दिए जाएंगे।

बीपीएल परिवारों को मिलेगा लाभ

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने चालू वित्तीय वर्ष में बिहार के लिए 25 लाख उज्ज्वला कनेक्शन स्वीकृत किए हैं। योजना का लाभ उन बीपीएल परिवारों को मिलेगा, जो अब भी खाना बनाने के लिए लकड़ी, कोयला या अन्य पारंपरिक ईंधनों पर निर्भर हैं। इससे महिलाओं को धुएं से राहत मिलेगी और स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

जिलों को जारी हुए निर्देश

मंत्रालय की मंजूरी के बाद खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। गैस कंपनियों को भी 25 लाख कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।

प्रक्रिया होगी आसान

निर्देश दिया गया है कि आवेदन और वितरण की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे लोग योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

लंबित आवेदनों का होगा निपटारा

राज्य में फिलहाल करीब 10 लाख आवेदन लंबित हैं। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान यह मुद्दा सामने आया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त आवंटन की मांग की थी। अब 25 लाख कनेक्शन की स्वीकृति मिलने से लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे की उम्मीद बढ़ गई है।

इस फैसले से न केवल महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार आएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article