देवहार में आयुष ग्राम कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया गया जागरूक

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत जनआरोग्य कार्यक्रम के तहत जिले के अंधराठाड़ी प्रखंड स्थित देवहार गांव में आयुष ग्राम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाबा मुक्तेश्वर टेन प्लस टू विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी Dr. Shobha Jha ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी Dr. Premlata ने की। इस अवसर पर देवहार पंचायत के मुखिया संतोष ठाकुर, पत्रकार प्रदीप चौधरी, विधायक प्रतिनिधि अरविंद चौधरी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विनोद झा, विद्यालय के वरीय शिक्षक सरोज कुमार झा और समाजसेवी मदन मोहन झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के लिए योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षकों ने योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ रहने के तरीके बताए। साथ ही आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया और इन पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न औषधीय पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की 30 महिलाओं को किचन गार्डन स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें प्रशिक्षण और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की भी योजना है, ताकि वे अपने घरों में पोषक और औषधीय पौधे उगा सकें।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को समझाने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छ जीवनशैली और प्राकृतिक उपचार के लाभों के बारे में जागरूक किया गया।

इस मौके पर डॉ प्रेमलता ने कहा कि आयुष ग्राम कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना और लोगों को प्राकृतिक तरीकों से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को सुलभ स्वास्थ्य परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में डॉ मनीष तिवारी, डॉ सुजीत कुमार, डॉ आदिल नजरी, डॉ जय ओम प्रसाद, डॉ राधा कृष्ण झा, डॉ ओंकार नाथ झा, डॉ अंबिका कुमारी, डॉ इकरामुद्दीन कमर, डॉ मनोज कुमार, डॉ दीपक कुमार, डॉ कौशलेश कुमार सिंह, डॉ योगेश कुमार, डॉ मोहम्मद मुजफ्फर उल हक और डॉ उषा कुमारी सहित आयुष विभाग के कई चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर आयुष चिकित्सा पद्धतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

Share This Article