NEWS PR डेस्क : बिहार की राजनीति में जारी हलचल के बीच लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी पटना पहुंच गए हैं। राबड़ी देवी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी नीतीश कुमार को जबरन मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिश कर रही है।
बिहार की सियासत में जारी हलचल के बीच लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी दिल्ली से पटना पहुंचीं। पटना एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद ने मीडिया के सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन राबड़ी देवी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिश की जा रही है और उनका मानना है कि नीतीश कुमार को ही बिहार का मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया है। इसी के तहत उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है और माना जा रहा है कि वे मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। उनके इस कदम के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री की तलाश तेज हो गई है।
विपक्ष का आरोप है कि भाजपा मुख्यमंत्री पद पर कब्जा करने की मंशा से नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने का दबाव बना रही है। इसी सियासी हलचल के बीच पटना पहुंचे लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने स्थिति पर चिंता जताई। राबड़ी देवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी हासिल करने के लिए नीतीश कुमार को जबरन हटाया जा रहा है और उन्हें ही राज्य का मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए।