समृद्धि यात्रा के तहत सुपौल पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विकास योजनाओं की समीक्षा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार के सुपौल जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और उनके तेज क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है और स्वरोजगार को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों में उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार बनने के बाद विकास को गति देने के लिए सात निश्चय-3 कार्यक्रम को लागू किया गया है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों का विस्तार, नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और आधुनिक नियोजित शहरों के विकास पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में बेहतर संपर्कता के लिए पांच नई एक्सप्रेस-वे सड़कों के निर्माण की योजना है, वहीं ग्रामीण सड़कों को चरणबद्ध तरीके से दो लेन में चौड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने और घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

पर्यटन के क्षेत्र में भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के पर्यटन स्थलों को विकसित कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए पर्यटन सर्किट विकसित किए जा रहे हैं और इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रगति यात्रा, सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए और सभी विकास कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जाए, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article