NEWS PR डेस्क : बगहा : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर सोमवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सभी पक्षों ने आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ पर्व मनाने पर सहमति जताई।

अधिकारियों ने बैठक के दौरान लोगों से अपील की कि मोहर्रम के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया। बैठक में जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही सभी अखाड़ा समितियों और आयोजकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस अवसर पर एसडीपीओ निहार भूषण, सीओ नम्रदा श्रीवास्तव, बीडीओ प्रदीप कुमार, आरओ विकास कुमार, पूर्व एमएलसी भीष्म साहनी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए मोहर्रम को आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। बगहा से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
