पटना में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छलकाया जाम, शराबबंदी कानून की उड़ाई धज्जियां!

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बावजूद राज्य में शराब तस्करी और शराब सेवन की खबरें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। इसी बीच राजधानी पटना से एक कथित शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कुछ अधिकारियों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो होली के आसपास का है। वायरल वीडियो में कुछ लोग टेबल के आसपास बैठे नजर आ रहे हैं और उनके हाथों में गिलास दिखाई दे रहा है, जिसमें शराब जैसा पेय होने का दावा किया जा रहा है। वहीं टेबल के नीचे शराब की बोतल भी दिखाई देती है। टेबल पर सिगरेट के डिब्बे रखे हुए हैं और प्लेट में चखना भी नजर आ रहा है, जिसे लोग खाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में मौजूद लोगों के बारे में दावा किया जा रहा है कि उनमें जिला स्वास्थ्य समिति पटना के जिला मूल्यांकन पदाधिकारी भानू शर्मा और डाटा ऑपरेटर मनिन्द्र कुमार शामिल हैं। यह भी कहा जा रहा है कि यह कथित पार्टी पटना के आरपीएस मोड़ के पास आयोजित की गई थी।

इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। राज्य सरकार जहां शराबबंदी को सख्ती से लागू करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे वीडियो सामने आने से सरकारी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि NEWS PR इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता. लेकिन राज्य में पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें सरकारी कर्मियों की संलिप्तता को लेकर शराबबंदी कानून के पालन पर सवाल उठते रहे हैं।

Share This Article