बिहार के 93 लाख से अधिक छात्रों को मिली पोशाक की राशि, डीबीटी से भेजे गए 1047 करोड़ रुपये

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 12 मार्च। राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार के प्रारंभिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 93 लाख 12 हजार 192 छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस के लिए राशि उपलब्ध करा दी है। शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना और मुख्यमंत्री पोशाक योजना के तहत 1047.08 करोड़ रुपये की राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी है।

सरकार का उद्देश्य है कि सभी छात्र-छात्राएं स्कूल ड्रेस पहनकर नियमित रूप से विद्यालय आएं और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़े। इस योजना के तहत प्रारंभिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को उनकी 75 प्रतिशत उपस्थिति के आधार पर पोशाक राशि का भुगतान किया गया है।

जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने वर्ष 2008-09 में छात्रों को ड्रेस उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना और मुख्यमंत्री पोशाक योजना की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना के तहत कक्षा 1 और 2 में पढ़ने वाली छात्राओं को 600 रुपये, कक्षा 3 से 5 तक की छात्राओं को 700 रुपये और कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं को 1000 रुपये की राशि दी जाती है।

वहीं मुख्यमंत्री पोशाक योजना के तहत कक्षा 1 और 2 के एपीएल छात्रों को 400 रुपये, जबकि एससी/एसटी और बीपीएल छात्रों को 600 रुपये मिलते हैं। कक्षा 3 से 5 के एपीएल छात्रों को 500 रुपये और एससी/एसटी तथा बीपीएल छात्रों को 600 रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा कक्षा 6 से 8 तक के सभी वर्गों के छात्रों को 700 रुपये की दर से राशि प्रदान की जाती है।

शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य के राजकीय, राजकीयकृत और गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक विद्यालयों में नामांकित विद्यार्थियों को यह राशि दी गई है। सरकार का मानना है कि इस योजना से बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनका रुझान और मजबूत होगा।

Share This Article