NEWS PR डेस्क :राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहे के पास मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ग्रैंड प्लाजा बिल्डिंग स्थित संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स में लगी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।जानकारी के मुताबिक, ग्रैंड प्लाजा बिल्डिंग G+6 संरचना वाली पूरी तरह से कमर्शियल बिल्डिंग है। इसमें करीब 100 दुकानें हैं। बिल्डिंग में कोई रिहायशी व्यवस्था नहीं है और यहां केवल व्यावसायिक गतिविधियां होती हैं।
सुबह 8 बजे के करीब लगी आग
चश्मदीद शाहिद आलम ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे जब वह बिल्डिंग से नीचे उतरे तो उन्होंने दुकान में आग लगी देखी। उस वक्त मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। उन्होंने तुरंत कोतवाली थाने को घटना की सूचना दी। इसके बाद धीरे-धीरे पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में लगी थी आग
जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार के मुताबिक, ग्रैंड प्लाजा बिल्डिंग में स्थित संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में आग लगी थी। दुकान में फ्रिज, वॉशिंग मशीन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की बिक्री होती है। उन्होंने बताया कि आग दुकान के निचले हिस्से से शुरू हुई और पोस्टर एवं होर्डिंग के जरिए ऊपर तक फैल गई। हालांकि, आग की लपटें दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची थीं। समय रहते दमकल की टीम ने आग पर नियंत्रण पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से दो MT मिस्ट टेक्नोलॉजी गाड़ियां, चार वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक रेस्क्यू टेंडर और एक हाइड्रोलिक यूनिट को मौके पर भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, अग्निशमन विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। इधर, पटना के एसकेपुरी इलाके में भी आग लगने की सूचना सामने आई है। फिलहाल इस घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।