NEWS PR डेस्क: बिहार। राज्य में नक्सली गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए बिहार एसटीएफ और रजौली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों ने पीएलएफआई (PLFI) का सक्रिय सदस्य अजीत कुमार यादव को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार नक्सली के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से एक AK-47 राइफल, 21 जिंदा कारतूस, दो सेमी ऑटोमेटिक राइफल, कई राइफलों की गोलियां और दो मैगजीन भी बरामद की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अजीत कुमार यादव लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा है और फिलहाल उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व के मामलों की भी जांच की जा रही है।
रजौली थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों तथा नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह कार्रवाई नक्सली गिरोह पर सख्ती का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।