पटना में अधिकार मार्च को लेकर हंगामा, बैरिकेडिंग पर चढ़े प्रदर्शनकारी; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की ओर से अधिकार मार्च निकाला जा रहा है। गांधी मैदान से लोकभवन तक प्रस्तावित इस मार्च को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गांधी मैदान के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है।


मार्च में शामिल होने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास जुटकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में 70वीं BPSC परीक्षा की न्यायिक जांच, BPSC चेयरमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बिहार की सभी सरकारी भर्तियों में 85 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करना शामिल है। इसके अलावा भी कई मांगों को लेकर अधिकार मार्च निकाला जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए पटना के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री आवास, लोकभवन, आयकर चौराहा और डाकबंगला चौराहा समेत कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांधी मैदान के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
प्रशासन की ओर से गांधी मैदान के आसपास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को निर्धारित व्यवस्था के तहत मार्च निकालने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है। अधिकार मार्च को लेकर राजधानी में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ने की संभावना है। प्रशासन की नजर खास तौर पर उन स्थानों पर है, जहां प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की आशंका है।

Share This Article