राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार में सियासी हलचल तेज, राजद ने विधायकों को होटल में रखा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को होने वाली वोटिंग से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित क्रॉस वोटिंग और टूट-फूट की आशंका को देखते हुए विपक्षी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने सभी विधायकों को पटना के एक होटल में ठहराया है।

जानकारी के अनुसार महागठबंधन के विधायकों को आर ब्लॉक के पास स्थित Hotel Panache में रखा गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव से पहले सभी विधायकों के साथ बैठक कर रणनीति तय की जाएगी। रविवार रात नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav विधायकों के साथ बैठक करेंगे और उन्हें मतदान से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश देंगे।

बताया जा रहा है कि बिहार में करीब 12 साल बाद राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की स्थिति बनी है, जिससे राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है। इस बार पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है और इसके परिणाम पर क्रॉस वोटिंग का असर पड़ सकता है। यही वजह है कि दोनों गठबंधन अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हैं।

राजद नेताओं का आरोप है कि सत्ताधारी दल विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर सकता है। इसी आशंका को देखते हुए पार्टी ने सभी विधायकों को एक जगह रखने का फैसला लिया है। साथ ही कुछ पूर्व विधायकों को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे मौजूदा विधायकों के संपर्क में रहें और किसी भी गतिविधि की जानकारी पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएं।

राजद के मुख्य प्रवक्ता Shakti Singh Yadav ने कहा कि Bharatiya Janata Party ने पांचवें उम्मीदवार को जबरन मैदान में उतारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धनबल और सत्ता के प्रभाव से चुनाव जीतने की कोशिश कर सकती है, लेकिन यह इतना आसान नहीं होगा।

सूत्रों के अनुसार रात में होने वाली बैठक में राजद सुप्रीमो Lalu Prasad Yadav के भी शामिल होने की संभावना है। बैठक में विधायकों को मतदान को लेकर अंतिम रणनीति और निर्देश दिए जाएंगे।

राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ गई है और सभी दल अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

Share This Article