NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 442 करोड़ रुपये की लागत से 144 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 171 करोड़ रुपये की 88 योजनाओं का उद्घाटन और 271 करोड़ रुपये की 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भागलपुर-गोराडीह मार्ग पर बौंसी रेलवे लाइन के पास आरओबी (रेल ओवरब्रिज) निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं, ताकि आम लोगों को अधिकतम लाभ मिल सके।
भागलपुर में जिन प्रमुख परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उनमें सुल्तानगंज में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, फतेहपुर चेकडैम, नवगछिया में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कैंसर संस्थान की स्थापना, कई प्रखंडों में नए प्रशासनिक भवनों का निर्माण और प्रस्तावित ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। इसके अलावा गोराडीह में औद्योगिक क्षेत्र और आधुनिक बस अड्डे के निर्माण की योजना भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत का दौरा कर पंचायत सरकार भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्कूल और जल-जीवन-हरियाली के तहत विकसित पोखर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण भी किया और मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप का शिलान्यास किया। स्कूल के बच्चों से बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
जनसभा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि भी वितरित की। इसमें 8305 जीविका समूहों की 1.05 लाख से अधिक महिलाओं को 377 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, बकरी-भेड़ विकास योजना और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लाभ शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, डॉ. दिलीप जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि इन योजनाओं के पूरा होने से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।