बिहार में दावत के बहाने खुलवाए गए 100 से अधिक खाते, साइबर फ्रॉड के पैसे मंगाने की साजिश

Neha Nanhe
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क : साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की टीम ने बख्तियारपुर के सालिमपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर, मुरादपुर और सुंदरपुर गांवों में सक्रिय एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में बैंक कर्मचारी धीरेंद्र कुमार समेत चंदन कुमार और अवध राय को गिरफ्तार किया गया है।

जांच में सामने आया कि गिरोह ग्रामीणों, खासकर गरीब महिलाओं को शौचालय निर्माण और मरम्मत योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते खुलवा रहा था। शुरुआत में महिलाओं को बैंक ले जाकर खाते खुलवाए गए, फिर एक मैरिज हॉल में आयोजित भोज के दौरान एक साथ 100 से अधिक खाते खुलवाए गए।

इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगाने और निकालने के लिए किया जा रहा था। जांच में पता चला कि इन खातों से जुड़े 100 से ज्यादा मामले नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज हैं और इनमें एक करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है। पैसा आते ही नालंदा, बेगूसराय, बिहारशरीफ और पटना सहित अन्य स्थानों से एटीएम के जरिए निकासी कर ली जाती थी, जिससे स्पष्ट है कि ये सभी खाते म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल हो रहे थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

मामले का खुलासा तब हुआ जब खाताधारक महिलाओं को कई महीनों तक किसी सरकारी योजना का पैसा नहीं मिला। जब वे बैंक पहुंचीं तो उन्हें बताया गया कि उनके खाते साइबर ठगी के कारण फ्रीज कर दिए गए हैं। इसके बाद सभी महिलाएं एकजुट होकर सालिमपुर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बैंक ऑफ इंडिया की सलेमपुर और बख्तियारपुर शाखाओं के साथ-साथ इंडियन ओवरसीज बैंक में खाते खोले गए थे। खाता खोलते समय महिलाओं से आधार कार्ड, फोटो और फिंगरप्रिंट लिए गए थे।

दस्तावेजों की जांच में कई गड़बड़ियां भी पाई गईं, जैसे एक ही फॉर्म में अलग-अलग हस्तलिपि, मोबाइल नंबर काटकर बदलना या अलग स्याही से लिखना। इससे फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।

पुलिस जांच में सीता कुमारी नाम की महिला की भूमिका भी सामने आई है, जिसने ग्रामीण महिलाओं को यह कहकर खाता खुलवाने के लिए प्रेरित किया कि सरकार की योजना के तहत उनके खाते में 12 हजार रुपये आएंगे। इसके अलावा कुमारी देवी और विभा के नाम भी सामने आए हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित बैंक प्रबंधकों की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो या किसी का खाता इसी तरह खुलवाया गया हो, तो वे सालिमपुर थाना या साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, पटना को सूचना दें। इसके लिए मोबाइल नंबर 9031829067 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article