BSEB Result : नाना के निधन के बाद भी नहीं टूटी हिम्मत, गया की निशु ने टॉप कर रचा इतिहास

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : Bihar School Examination Board इंटरमीडिएट रिजल्ट 2026 में गया की निशु कुमारी ने आर्ट्स संकाय में टॉप कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। 500 में से 479 अंक लाकर उन्होंने पूरे बिहार में पहला स्थान प्राप्त किया और अपने परिवार के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन किया।

गया जिले के खिजरसराय स्थित यशवंत प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्रा रही निशु की सफलता के बाद स्कूल और घर दोनों जगह जश्न का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली निशु ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।

उनकी सफलता के पीछे संघर्ष की एक भावुक कहानी भी जुड़ी है। निशु ने बताया कि परीक्षा से करीब 20 दिन पहले उनके नाना का निधन हो गया था। परिवार में जिम्मेदारियां बढ़ गई थीं और इस कठिन समय में वह अपने परिजनों के साथ जहानाबाद भी गई थीं।

हालांकि, परीक्षा नजदीक होने के कारण उन्होंने उसी दिन भारी मन से वापस लौटकर अपनी पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया। इस दौरान उनका मन काफी विचलित रहा और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो गया था। बावजूद इसके, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा।

निशु ने बताया कि कई बार उन्हें लगा कि तैयारी अधूरी रह जाएगी, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और लगातार मेहनत जारी रखी। इसी दृढ़ निश्चय का परिणाम है कि आज वह राज्य की टॉपर बनी हैं।

उनकी इस उपलब्धि से स्कूल में भी गर्व का माहौल है। शिक्षकों के अनुसार, निशु शुरू से ही अनुशासित और मेहनती छात्रा रही हैं। उनकी सफलता अब अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

Share This Article