SBPDCL के 65 कार्यालयों में जीविका दीदियों की सफाई इकाइयों का शुभारंभ, हजारों महिलाओं को मिलेगा रोजगार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 1 अप्रैल। बिहार में महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के सभी 65 कार्यालयों में जीविका के सामुदायिक संगठनों द्वारा संचालित साफ-सफाई इकाइयों का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्घाटन जीविका के निदेशक (उद्यम) श्री विनय कुमार राय ने किया।

इस मौके पर जीविका के निदेशक श्री राम निरंजन सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री राजेश कुमार समेत जीविका और SBPDCL के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अब इन सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी जीविका से जुड़ी महिलाओं यानी ‘जीविका दीदियों’ को सौंपी गई है।

यह पहल बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) और SBPDCL के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत शुरू की गई है। अधिकारियों के अनुसार, इससे न केवल कार्यालयों में साफ-सफाई की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि सैकड़ों महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा।

जीविका दीदियां पहले से ही राज्य के कई सरकारी संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ हुए समझौते के तहत मेडिकल कॉलेजों, जिला और अनुमंडल अस्पतालों में सफाई व्यवस्था का जिम्मा वे संभाल रही हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के आवासीय विद्यालयों में भी सफाई कार्य जीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है।

नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के कार्यालयों में भी पहले से ही जीविका दीदियां सफाई सेवाएं दे रही हैं, जहां उनकी कार्यप्रणाली से सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।

वर्तमान में राज्यभर में 700 से अधिक इकाइयों के माध्यम से 7000 से ज्यादा महिलाएं इस कार्य से जुड़ी हैं। इन महिलाओं की मासिक आय 8,000 से 12,000 रुपये तक है, जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि SBPDCL के साथ इस नई साझेदारी से रोजगार के अवसर और बढ़ेंगे तथा भविष्य में इस मॉडल को अन्य विभागों में भी लागू करने की योजना है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।

Share This Article