पटना में कचरा प्रबंधन को मिलेगा हाईटेक सहारा, छह अंचलों में बन रहे आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 03 मार्च । शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को नए स्तर पर ले जाने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरा निपटान व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने के लिए छह अंचलों अजीमाबाद, बांकीपुर, कंकड़बाग, न्यू कैपिटल, पाटलिपुत्र और पटना सिटी में अत्याधुनिक गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (जीटीएस) विकसित किए जा रहे हैं।

करीब 53 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का उद्देश्य कचरा प्रबंधन को विकेंद्रीकृत करना है, ताकि हर अंचल में स्थानीय स्तर पर ही कचरे का बेहतर निपटान हो सके। इससे न केवल परिवहन का दबाव कम होगा, बल्कि शहर में सफाई व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बन सकेगी।

इन जीटीएस केंद्रों पर आधुनिक कंपैक्शन मशीनें लगाई जा रही हैं, जो रोजाना 150 से 500 टन तक कचरे को प्रोसेस करने की क्षमता रखेंगी। यह तकनीक कचरे की मात्रा को कम करने में मदद करेगी और खुले में डंपिंग की समस्या को काफी हद तक खत्म करेगी। इसके साथ ही शहर की स्वच्छता में भी उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत न्यू कैपिटल अंचल के यारपुर में बन रहा ट्रांसफर स्टेशन सबसे तेजी से आकार ले रहा है। यहां जल्द ही अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना शुरू होने वाली है। इसके चालू होते ही कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और अंतिम निपटान की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी हो जाएगी।

नगर निगम के इस प्रयास को शहर में स्वच्छता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो आने वाले समय में पटना को एक अधिक साफ-सुथरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने में सहायक साबित हो सकता है।

Share This Article