दिल्ली पहुंचते ही नीतीश का ऐलान, “हम यहीं रहेंगे, वहां नया आदमी आएगा’’

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली/पटना, 09 अप्रैल। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव संकेत देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली पहुंचते ही साफ कर दिया है कि वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। उनके इस बयान के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

दिल्ली पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान नीतीश कुमार ने कहा, “हम तो कल ज्वाइन कर लेंगे न। समझ गए न। हम तो तय कर लिए हैं। आपको बता दिए हैं। वहां का छोड़ कर के। हम तो यहां का करेंगे। यहीं रहेंगे। उसके दो चार दिन के बाद जब वहां जाएंगे। वहां कर देंगे सब। वो सब कर देंगे। नया लोगों को कर देंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “अरे भाई हम वहां केतना काम किए हैं। उसके बाद मेरे मन हुआ कि यहीं पर हम रहेंगे। तो वहीं कर रहे हैं।”

उनके इस बयान को स्पष्ट संकेत माना जा रहा है कि वह अब राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।

नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसी के साथ नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 14 अप्रैल के आसपास नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया पूरी कर सकता है।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार पहले ही बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने 30 मार्च को परिषद सदस्यता छोड़ी थी, जबकि 16 मार्च को वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

नीतीश कुमार के इस कदम को बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां अब नए नेतृत्व के साथ राज्य में सियासी समीकरण बदल सकते हैं।

Share This Article