ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: सभी CHC में ECG और अल्ट्रासाउंड सुविधा होगी उपलब्ध

Amit Singh
Group of medical staff carrying health related icons

NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर, 15 अप्रैल। मुजफ्फरपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की पहल पर अब जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में ECG और अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति के सभागार में क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर दिया गया।

तकनीकी सेवाओं का होगा विस्तार

बैठक में बताया गया कि जिले के सभी CHC में ECG की सुविधा पहले से उपलब्ध है, जबकि जिन केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है, वहां मशीनें लगाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके साथ ही पैथोलॉजी सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा और आम लोगों को मुफ्त एक्स-रे की सुविधा मिल रही है।

सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि इन सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर काफी बेहतर होगा और लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

400 ANM की नियुक्ति से बढ़ेगी गति

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 400 नई एएनएम की नियुक्ति की गई है। इन्हें आशा और सीएचओ के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।

डीपीएम रेहान असरफ ने कहा कि नई नियुक्तियों और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।

सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान तेज

जिले में बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ‘गार्डासिल’ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। अब तक 230 बच्चियों को यह टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बच्चियों को इस टीके से जरूर लाभान्वित करें।

टीबी मुक्त पंचायत का लक्ष्य

बैठक में टीबी उन्मूलन पर भी विशेष जोर दिया गया। जिले की 440 पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए ‘100 डेज टीबी कैंपेन’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य कर्मियों को संदिग्ध मरीजों की पहचान और पोषण सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया।

सम्मान और उपलब्धियां

कायाकल्प अवार्ड के तहत मुरौल और मरवन प्रखंडों को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि मिली है, जिसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, WHO के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। कुल मिलाकर, मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Share This Article