बिहार को मिलेगा 24वां मुख्यमंत्री, 10:50 बजे शपथ लेंगे सम्राट चौधरी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 15 अप्रैल। बिहार की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सम्राट चौधरी आज राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। पटना स्थित लोक भवन में सुबह 10:50 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू कोटे से दो नेताओं-विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी-को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसे बिहार की सियासत में बदले हुए समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है। पहले जहां जेडीयू के मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री होते थे, वहीं अब भाजपा के मुख्यमंत्री के साथ जेडीयू के दो उपमुख्यमंत्री होंगे।

शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके बाद वे लोक भवन पहुंचकर औपचारिक रूप से शपथ लेंगे।
इस मौके पर भाजपा और एनडीए के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम में नितिन नवीन, जगत प्रकाश नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, बीएल संतोष, विनोद तावड़े, संजय झा, ललन सिंह, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लोक भवन के आसपास सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। केवल अधिकृत व्यक्तियों और मीडिया कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इस शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार में नई सरकार का औपचारिक गठन होगा, जिस पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।

Share This Article