मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में वित्त व आंतरिक संसाधन विभागों की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

Government's focus on revenue and discipline

Rashmi Tiwari

सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में वित्त विभाग और आंतरिक संसाधनों से जुड़े विभागों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों—वित्त, वाणिज्यकर, खान एवं भूतत्व, नगर विकास एवं आवास, राजस्व एवं भूमि सुधार, मद्य निषेध एवं उत्पाद, परिवहन और पंचायती राज—के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के लक्ष्य, राजस्व संग्रहण और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्यमंत्री का निर्देश:
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति अच्छी है, लेकिन इसे और मजबूत बनाने के लिए सभी विभागों को सुनियोजित तरीके से काम करना होगा। उन्होंने राजस्व संग्रहण में बढ़ोतरी के लिए नवाचार अपनाने और नई संभावनाओं की तलाश करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों में वित्तीय अनुशासन अनिवार्य है और संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का बजट आकार लगातार बढ़ रहा है और विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सरकार जनता के हित में हर जरूरी कदम उठा रही है और विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना होगा।
बैठक में कौन-कौन रहे मौजूद
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी०के० अनिल, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, वाणिज्य कर विभाग के आयुक्त सह सचिव संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार, भू-अभिलेख एवं सर्वेक्षण निदेशक सुहर्ष भगत, खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक मनेश कुमार मीणा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article