मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार तारापुर पहुंचे सम्राट चौधरी, इको-टूरिज्म योजना का करेंगे शिलान्यास

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मुंगेर, 26 ाप्रिल। जिले के असरगंज और तारापुर क्षेत्र में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बैजलपुर हेलीपैड के पास स्थित मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। खास आकर्षण एक समर्थक द्वारा 8 किलो के तरबूज पर उकेरी गई सम्राट चौधरी और नरेंद्र मोदी की तस्वीर रही, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह असरगंज प्रखंड के बैजलपुर हेलीपैड पर उतरा। वहां से वे काली मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सुना। इसके बाद मुख्यमंत्री आमजन को संबोधित करेंगे।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर 12:40 बजे वे ढोल पहाड़ी में प्रस्तावित इको-टूरिज्म योजना का शिलान्यास करेंगे। करीब 12.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे तारापुर स्थित सिंचाई प्रमंडल परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वे अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। दोपहर बाद 3:40 बजे मुख्यमंत्री तेलडीहा दुर्गा स्थान में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे माहपुर स्थित यज्ञ स्थल पहुंचकर विभिन्न प्रतिमाओं के दर्शन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में मुंगेर के तारापुर में 15 एकड़ भूमि पर पर्यटन विकास योजना को मंजूरी दी थी, जो इस क्षेत्र के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:05 बजे पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।

Share This Article