सासाराम (रोहतास) :नासरीगंज थाना क्षेत्र के इटिम्हा गांव के समीप सोमवार की अहले सुबह यात्रियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार लोग एक तिलक समारोह से लौट रहे थे और औरंगाबाद जिले के मौरई से भोजपुर के जगदीशपुर जा रहे थे। इसी दौरान इटिम्हा गांव के पास सामने से आ रही एक खाली ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार 70 वर्षीय रामेश्वर मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में बस सवार तीन अन्य यात्री, ट्रक चालक चंद्र प्रकाश यादव और खलासी भोला कुमार समेत लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गुस्साए कुछ यात्रियों ने ट्रक चालक की पिटाई भी कर दी, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक चंद्र प्रकाश यादव उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के बसवारी गांव का निवासी है, जबकि खलासी भोला कुमार गोरखपुर का रहने वाला है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट
सासाराम में दर्दनाक सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में एक की मौत, कई घायल
तेज रफ्तार ने ली जान—बस और ट्रक की भीषण टक्कर से मचा कोहराम