NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 30 अप्रैल। जिला परिषद की सियासत में गुरुवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब अध्यक्ष सीता देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। इसके साथ ही परिषद में नए नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त हो गया।
समाहरणालय परिसर में आयोजित विशेष बैठक में कुल 47 सदस्यों में से 26 सदस्य उपस्थित रहे, जो प्रस्ताव पेश करने के लिए आवश्यक संख्या से अधिक थे। मतदान के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया, जिससे अध्यक्ष के खिलाफ असंतोष साफ तौर पर सामने आ गया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष रेणु देवी, नंदकिशोर झा बेचन, सागर नवदिया, अमित ठाकुर और अवधेश कुमार यादव समेत कई सदस्यों ने भाग लिया। इन नेताओं के नेतृत्व में सदस्यों ने अध्यक्ष के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ एकजुटता दिखाई।
पूरी कार्यवाही की अध्यक्षता जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सह प्रभारी डीएम सलीम अख्तर ने की। उन्होंने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित सभी दस्तावेज नियमानुसार राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग, पटना को भेजे जाएंगे। वहां से दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद नए अध्यक्ष के चुनाव की तिथि तय की जाएगी।
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि पूरी प्रक्रिया कानून के तहत और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। अब जिला परिषद में नए अध्यक्ष के चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।