NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 3 मई । मधुबनी जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” आयोजित करने की पहल की है। इसी क्रम में 19 मई 2026 को जिले की 26 चयनित पंचायतों में यह शिविर लगाया जाएगा।
राज्य सरकार के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य लोगों को प्रशासन तक आसान पहुंच देना और उनकी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर पारदर्शी व समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना है। यह कार्यक्रम सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखकर संचालित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि आम नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन शिविर की तिथि से पहले ही जमा कर सकते हैं। इसके लिए पंचायत सरकार भवन, आरटीपीएस काउंटर, प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय और थाना को आवेदन संग्रह केंद्र बनाया गया है। प्रशासन ने शिविर से 30 दिन पहले तक आवेदन लेने की व्यवस्था की है, ताकि उनकी पूर्व तैयारी कर मौके पर समाधान किया जा सके।

शिविर की खास बात यह होगी कि पंचायत स्तर पर रोस्टर के अनुसार आयोजन किया जाएगा, जिसमें वरीय पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिकायतों का मौके पर निपटारा करने के साथ ही आमजन से सीधा संवाद भी किया जाएगा। शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल और जन-संवाद के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
19 मई को जयनगर, खुटौना, खजौली, कलुआही, बेनीपट्टी, राजनगर, पंडौल, बिस्फी, लखनौर, घोघरडीहा, बासोपट्टी, झंझारपुर, फुलपरास, बाबूबरही, मधवापुर, लौकही, मधेपुर, रहिका, लदनियां, हरलाखी और अंधराठाढ़ी प्रखंडों की कुल 26 पंचायतों में यह शिविर आयोजित होगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त करें।