NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 4 मई। विक्रमशिला सेतु पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पुल के पिलर नंबर 133 के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। घटना करीब रात 12:50 बजे की बताई जा रही है। उस समय पुल पर कई वाहन मौजूद थे, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासन की सतर्कता से सभी वाहनों को समय रहते पीछे हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
वहीं, एसएसपी प्रमोद यादव ने कहा कि सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। अब भागलपुर से नवगछिया और सीमांचल की ओर जाने वाले यात्रियों को मुंगेर और सुल्तानगंज के रास्ते सफर करना होगा।

गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक अहम कड़ी है। इसके बंद होने से आम लोगों की आवाजाही के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी व्यापक असर पड़ने की आशंका है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें तथा केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।