बिहार में मौसम का कहर: आंधी-बारिश और वज्रपात से 23 की मौत, 48 घंटे का अलर्ट जारी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 05 मईबिहार में सोमवार को आए तेज आंधी-बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 7 बच्चों समेत कुल 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग झुलसने और हादसों में घायल हुए हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों से लगातार नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं।
गया और पूर्वी-पश्चिमी चंपारण में वज्रपात से सबसे अधिक 6-6 लोगों की जान गई। वहीं औरंगाबाद में ठनका गिरने से 4 लोगों की मौत हुई। भोजपुर और रोहतास में 2-2 लोगों की जान चली गई, जबकि नालंदा में पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत हुई। खगड़िया में आंधी के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

पटना में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी

राजधानी पटना में मौसम ने अचानक भयावह रूप ले लिया। सोमवार शाम करीब चार बजे आसमान काले बादलों से घिर गया और दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। तेज हवाओं ने शहर को धूल के गुबार में ढक दिया। कई जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

इसके बाद हुई मूसलाधार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए। निचले इलाकों में जलजमाव हो गया और सड़कों पर लंबा जाम लग गया। कई जगहों पर बिजली के खंभे उखड़ गए और पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया।

कई जिलों में भारी नुकसान, जलजमाव और ठप यातायात

सीवान और बक्सर में ओले गिरने की भी खबर है। समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी में पेड़ गिरने से सड़कों पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। पटना, गोपालगंज और औरंगाबाद में तेज बारिश के बाद सड़कों पर करीब 3 फीट तक पानी भर गया।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, गया में सबसे अधिक 47 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पटना में 39 मिमी बारिश हुई। वाल्मीकि नगर, मोतिहारी और समस्तीपुर में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट, कई जिलों में रेड और ऑरेंज चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों को बेहद संवेदनशील बताया है। राज्य के 18 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना, भोजपुर समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के 22 जिलों में आंधी और तेज बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 7 मई तक बनी रह सकती है, जबकि 8 मई के बाद मौसम के साफ होने की संभावना है।

क्यों बिगड़ा मौसम?

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और छत्तीसगढ़ से मणिपुर तक बने ट्रफ लाइन के कारण बिहार में मौसम अस्थिर हुआ है। इसके साथ ही चक्रवाती परिसंचरण के चलते अचानक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी है।

तापमान में गिरावट, लेकिन उमस करेगी परेशान

बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, उमस अभी भी लोगों को परेशान कर रही है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

Share This Article